नौरोजपुर गुर्जर के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बागपत। नौरोजपुर गुर्जर गांव के लोगों ने एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन कर एक परिवार के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे को झूठा बताया और एसपी से निष्पक्ष जांच कराकर मुकदमा खत्म करने की मांग की।
ग्रामीणों ने एसपी को बताया कि गांव के कृष्ण कुमार और संत कुमार सगे भाई हैं। उन्होंने घरेलू कार्य के लिए गायत्रीपुरम निवासी व्यक्ति से छह माह पहले चार लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इसके एवज में दोनों भाइयों से धोखाधड़ी कर कृषि भूमि का बैनामा करा दिया गया और दाखिल खारिज भी करा लिया। बैनामे को निरस्त करने के लिए 22 अप्रैल को कृष्ण कुमार की बेटी और संतकुमार के बेटे ने न्यायालय में वाद दायर कर दिया जो विचाराधीन है। आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष ने ही 29 अप्रैल को पीड़ितों के खिलाफ न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। न्यायालय ने उसके प्रार्थना पत्र पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए। तीन जून को कोतवाली पुलिस ने उनके खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने निष्पक्ष जांच कराकर मुकदमे को खत्म करने की मांग की। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में कृष्ण कुमार, संतकुमार, योगेंद्र, मनोज शर्मा, मयंक शर्मा, राममेहर, महेंद्र शर्मा, रामपाल, सोनू, योगेश कौशिक आदि उपस्थित रहे।