दोघट/दाहा (बागपत)। क्राइम ब्रांच और दोघट पुलिस ने गैड़बरा मार्ग पर मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी धर्मेंद्र उर्फ दीवान को गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। वह ढाई लाख के इनामी रहे चुके राहुल खट्टा गिरोह का सक्रिय सदस्य है। छपरौली में विद्युत कर्मियों से 7.62 लाख रुपये की लूट में फरार चल रहा था। उसके कब्जे से तमंचा व बाइक बरामद हुई। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बृहस्पतिवार को क्राइम ब्रांच व दोघट पुलिस गैड़बरा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी समय बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। पुलिस पर फायरिंग कर एक बदमाश भाग निकला। पुलिस की पैर में गोली लगने से धर्मेंद्र उर्फ दीवान निवासी अट्टा चिंदौड़ा जनपद मेरठ घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाश के कब्जे से तमंचा व बाइक बरामद हुई। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश धर्मेंद्र उर्फ दीवान ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर 29 मार्च को छपरौली थाना क्षेत्र में हेवा गांव के पास नहर पुल पर तुगाना बिजल घर में तैनात टीजी-2 योगेश कुमार, लाइनमैन सचिन पुत्र पालूराम, अजित पुत्र रामकुमार निवासी तुगाना, कंप्यूटर ऑपरेटर सद्दाम हुसैन पुत्र नूरद्दीन निवासी ककौर कलां से 7.62 लाख रुपये लूटे थे। पुलिस ने इरफान निवासी किरठल को दो दिन पहले गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। अब तीन बदमाश फरार है। पुलिस उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है। पकड़ा गया धर्मेंद्र उर्फ दीवान ढाई लाख के इनामी रह चुके मृतक राहुल खट्टा गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उस पर मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, शामली, सहारनपुर आदि जनपद में लूट, हत्या, गैंगस्टर, अपहरण के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।