चांदीनगर (बागपत)। गोठरा गांव में बुधवार की रात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर हजारों की नगदी, जेवरात चोरी कर ली। दूसरे मकान में चोरी करते समय जाग होने पर ग्रामीणों ने चोरों को दौड़ा लिया। उधर रेलवे हाल्ट के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया।
गोठरा निवासी मनोज पुत्र भूप सिंह बुधवार की रात परिवार के साथ मकान की छत पर सोया था। रात्रि में चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए और कमरे के ताले तोड़कर नौ हजार रुपये की नगदी, सोने की चेन, अंगूठी चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने गांव के ही सुंदर के मकान को निशाना बनाया। आहट सुनकर सुंदर की आंख खुल गई और उसने शोर मचा दिया। चोर भाग निकले तो ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उनके पीछे दौड़ लिए और गोठरा रेलवे हाल्ट तक उनका पीछा किया। रेलवे हाल्ट के पास से एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। सूचना पर रात्रि में पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने युवक को सौंप दिया। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
कारखाने से सामान गायब, झाड़ियों में मिला
चांदीनगर। खैला निवासी दीपक ने बताया कि रटौल-ढ़िकोली मार्ग पर लहचौड़ा मोड़ के पास इंटरलाकिंग ईंटों का कारखाना है। देर शाम वह घर वापस आ गया। सुबह जब वह कारखाने पर पहुंचा तो वहां से सबमर्सिबल पंप का समान, ट्र्रैक्टर के पार्ट्स व अन्य लोहे का सामान गायब था। उन्होंने आसपास तलाश की तो सामान झाड़ियों में पड़ा मिला। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।