बड़ौत (बागपत)। बड़ौली गांव के पास एक प्राइवेट बस ने वहां से गुजर रही कार में साइड मार दी। इससे हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान 15 मिनट हाईवे जाम रहा। पुलिस ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत किया।
मुजफ्फरनगर निवासी नवाब पुत्र जमील व उसका भाई सलीम शनिवार की सुबह अपनी कार से दिल्ली जा रहे थे। जब वे बड़ौली गांव के नजदीक पहुंचे तो शामली से आ रही एक प्राइवेट बस ने उसे ओवरटेक करने के चक्कर में साइड मार दी। जब कार चालक ने इसका विरोध किया तो उनके बीच गाली-गलौच हो गई। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई और दिल्ली-सहारनपुर हाईवे मार्ग अवरुद्ध हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह उन्हें समझा बुझाकर कार व बस को सड़क से हटवाया। तब जाकर करीबन 15 मिनट बाद हाईवे मार्ग आवागमन के लिए खुला।