दोघट (बागपत)। बामनौली गांव में चकबंदी से आहत किसान ने मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। किसान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। किसान ने दो दिन पहले तहसील दिवस में अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भी दिया था।
बामनौली निवासी रविंद्र पुत्र राधेश्याम ने तहसील दिवस में दिए प्रार्थनापत्र में बताया था कि उसका चक पिता के नाम है। गांव में चकबंदी प्रक्रिया के बाद वर्ष 2015 में कब्जा परिवर्तन कराया गया था, लेकिन अभी तक चक की पैमाइश कराकर कब्जा नहीं कराया गया है। किसान जमीन के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। किसान ने चेतावनी दी है कि यदि 15 जून तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो 16 जून को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह कर लेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन व सरकार की होगी। किसान का आत्मदाह की चेतावनी देते हुए वीडियो वायरल हुआ है। एसडीएम बड़ौत गुलशन कुमार ने बताया कि यह मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। लखनऊ तक यह मामला पहुंच चुका है।