बागपत। छपरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में पति ने महिला पर दूसरे युवक से अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। ससुरालियों की सह पर अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़ित ने ससुरालियों से शिकायत की तो उसे कमरे में बंधक बनाकर पीटा और गला दबाकर मारने का प्रयास किया। पीड़ित के पिता ने एसपी के आदेश पर कोतवाली में पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाले व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बेटी का निकाह दो साल पहले छपरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में हुआ । ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे। पति ने महिला पर दूसरे युवक से अनैतिक संबंध बनाने की कोशिश की। 22 मई को ससुरालियों की सह पर एक अज्ञात व्यक्ति उसके कमरे में घुस आया और उससे दुष्कर्म करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर ससुराल वाले कमरे में पहुंचे। उसने घटना के बारे में ससुरालियों से शिकायत की। ससुरालियों ने उसे कमरे में बंधक बना लिया और उसकी पिटाई की। उसके ऊपर केरोसिन छिड़क कर जिंदा जलाने का प्रयास किया। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर महिला को बंधन मुक्त कराया। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एएसपी के निर्देश पर सोमवार को आरोपी पति, सास शायरा, ननद हिना व नगमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश ने बताया कि विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।