अमीनगर सराय (बागपत)। आदर्श इंटर कॉलेज, डौला की छात्राओं पर छींटाकशी करने वाले आरोपी युवक खुले घूम रहे हैं। पुलिस अभी तक एक भी आरोपी को नहीं पकड़ पाई। जबकि मामला दो समुदाय का होने के कारण गांव में तनाव बना हुआ है। छात्राओं के परिजनों पर फैसले का दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। इस कारण गांव में किसी भी दिन बड़ा बवाल हो सकता है।
डौला गांव में पांच दिन पहले आदर्श इंटर कॉलेज से छुट्टी के बाद घर लौट रही छात्राओं पर खुली जीप में सवार विशेष समुदाय के युवकों ने छींटाकशी की थी। उन्हें उठाकर ले जाने तक की धमकी दी। इसको लेकर छात्राओं और अभिभावकों ने कॉलेज में हंगामा किया । सूचना मिलते ही प्रधानाचार्य ने स्कूल से आरोपी चार छात्रों के नाम काट दिए । इस मामले में शुक्रवार को ग्रामीणों ने डौला पुलिस चौकी में हंगामा भी किया और आरोपियों को पकड़ने मांग की। सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी खुले घूम रहे हैं। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव बढ़ रहा है। किसी भी समय बड़ा बवाल हो सकता है। पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है।
थानाध्यक्ष हरेराम यादव ने बताया कि आरोपी युवक फरार है। उनकी तलाश में पुलिस कई स्थानों पर दबिश दे चुकी है, लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी। जल्दी ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस संबंध में एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि मामला गंभीर है। दोषी युवकों को भी कीमत पर नहीं बक्शा जाएगा। जिले में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है। स्कूल - कॉलेजों के बाहर छुट्टी के समय पुलिस तैनात रहेगी।
बेटियों को नहीं भेजेंगे कालेज
अमीनगर सराय (बागपत)। डौला गांव में आदर्श इंटर कॉलेज की छात्राओं पर छींटाकशी का मामला दिन प्रतिदिन गरमाता जा रहा है। अभिभावकों ने प्रधानाचार्य का घेराव किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अपनी बेटियों को कालेज नहीं भेजेंगे। इस मौके पर राजकुमार सिंह, मोहन सिंह, राजकुमार, श्याम सिंह, गजेंद्र सिंह, वीरेंद्र, कर्ण सिंह, कुलवीर, राुहल, योगेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।