पुलिस ने कांग्रेस नेता के बेटे की मौत के केस में कई को हिरासत मेें लिया
बड़ौत (बागपत)।
कांग्रेस नेता के बेटे शाकिब की मौत के खुलासे को लेकर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सही खुलासा और कार्रवाई नहीं की तो सीएम के दरबार में पहुंचकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
गौरतलब है कि नेहरू रोड पर रविवार को नाले में शव पड़ा मिला था। सोमवार को शव की शिनाख्त कांग्रेस नेता अनीस कुरैशी के बेटे शाकिब के रूप में हुई। जिला अस्पताल मेें परिवार के लोगों ने काफी हंगामा किया था। उन्होंने आशंका जताई थी कि शाकिब की हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल के आधार पर छानबीन की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने अब कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। सीओ रमानंद कुशवाह ने बताया कि हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ के साथ ही अन्य पहलू पर जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे केस का खुलासा होगा।