बागपत। शहर के ठाकुरद्वारा मोहल्ले में चबूतरे पर गुटखा खाकर थूकने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों तरफ से पथराव और लाठी-डंडे चले। इसमें दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। उधर, शाम के समय फिर से यमुना रोड पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों के 4-5 लोगों को हिरासत में लिया है।
ठाकुरद्वारा मोहल्ला निवासी सरवरी पत्नी स्वर्गीय हमीद और उसके जेठ इकबाल के मकान बराबर-बराबर में है। रविवार को सुबह के समय सरवरी के चबूतरे पर किसी ने गुटखा खाकर थूक दिया। इस बात को लेकर सरवरी और इकबाल में कहासुनी हो गई। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। तभी दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। इसमें सरवरी, उसकी पुत्रवधू शबनम और बेटा कालू , दूसरे पक्ष के इकबाल, उसका बेटा मोंटी घायल हो गए । सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचे और पांचों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। इस संबंध में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
रविवार को शाम के समय फिर से दोनों पक्षों में विवाद हो गया। यमुना रोड पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। एक पक्ष ने मकान की छत से तो दूसरे पक्ष ने गली से एक-दूसरे पर पथराव किया। इस दौरान मोहल्ले में भगदड़ मच गई। मोहल्ले के अन्य लोगों ने अपने अपने घरों में घुसकर जान बचाई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पथराव कर रहे दोनों पक्षों के 4-5 लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। इस वारदात के बाद से दोनों पक्षों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।