बागपत। एक लाख का इनामी अजीत उर्फ हप्पू राजस्थान के टोंक जनपद के देवली गांव में सीआरपीएफ का जवान बनकर पत्नी के साथ रह रहा था। उसने आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगने दी कि वह इतना बड़ा अपराधी है। बागपत क्राइम ब्रांच टीम द्वारा पकड़े जाने के बाद क्षेत्रीय लोग हैरान रह गए।
एएसपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि एक लाख का ईनामी अजीत उर्फ हप्पू राजस्थान के देवली गांव में सीआरपीएफ का जवान बनकर अपने पत्नी और जुड़वां बच्चों के साथ मकान किराए पर लेकर रह रहा था। उसने गांव के लोगों को बताया था कि वह सीआरपीएफ में शिक्षक है और पत्नी को बच्चा होने वाला है, इसलिए छुट्टी पर आया हुआ । गांव के लोगों ने उसकी बातों पर विश्वास कर लिया था और उसे फौजी समझ रहे थे। उसने फौजी की तरह ही कटिंग करा रखी थी। गांव में वह इतना सीधा बनकर रह रहा था कि किसी को उस पर शक तक नहीं हुआ। वह अधिकतर समय घर में गुजारता था। घर से बाहर बहुत कम निकलता था। उन्होंने बताया कि हप्पू को देवली में किराए का मकान उसके ही दोस्त ने दिलवाया था। उसका दोस्त देवली गांव के पास स्थित सीआरपीएफ के कैंप में ही तैनात है। जिस समय उसे गिरफ्तार किया, उसके पास एक चाकू तक नहीं मिला।
पुलिस को देखते ही पैरों में गिर गया हप्पू
बागपत। राजस्थान के देवली से पकड़ा गया कुख्यात अजीत उर्फ हप्पू पुलिस को देखते ही पैरों में गिर गया और रहम की भीख मांगने लगा। उसने पुलिस से कहा कि मेरा एनकाउंटर मत करना।