बड़ौत (बागपत)।
बिनौली रोड पर छह दिन पहले हर्ष फायरिंग में अक्षय की मौत का सही खुलासा कराने की मांग को लेकर परिजनों ने कोतवाल का घेराव किया। इस दौरान उनकी पुलिस कर्मियों से नोंक झोंक हुई। कोतवाली प्रभारी ने इस मामले में सही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बिनौली रोड पर तीन फरवरी की रात में एक युवक की घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग में अक्षय की गोली लगने पर मौत हो गई । अक्षय के बाबा ने गौतम निवासी लौहड्डा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई । बाद में जांच में युवक का नाम फर्जी पाने पर इस मामले में टीकरी निवासी बिट्टू को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा। इस वारदात का सही खुलासा कराने की मांग को लेकर और नामजदगी बदले जाने के विरोध में किशोर के परिजनों कोतवाली पहुंचे और इंस्पेक्टर एके सिंह का घेराव किया। उन्होंने कहा इस मामले में सही खुलासा नहीं किया। बाद में पुलिस ने नामजदगी भी बदल दी है। इस मामले का सही खुलासा किया जाए। इस दौरान उनकी पुलिस स्टाफ से तीखी नोंक झोंक हुई। बाद में कोतवाल ने कहा कि मामले की सही जांच होगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। इस मौके पर सुखवीर, किरण, रामनाथ, महावीर, बलराम, रामफल, सुख माल, राजेंद्र, राजवीर, राम गोपाल, राकेश, ललित जैन सभासद आदि रहे।