बागपत। सलावतपुर खेड़ी गांव निवासी बेनाम सिंह उर्फ राजा ने ग्रामीणों के साथ एसपी जयप्रकाश से मुलाकात की। अवगत कराया कि उनके घर में घुसकर पवन की हत्या कर दी । आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहा है। 31 अक्तूबर को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। धमकी से परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने एसपी से हत्यारोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
बारात में गए तीन युवक लापता
चांदीनगर। सिंगोली तगा निवासी प्रवीण पुत्र नरेश ने चांदीनगर थाने में तहरीर देते हुए बताया कि भतीजा आदेश पुत्र मुरारी लाल तीन दिन पहले अपने गांव से गौतम पुत्र नरेश निवासी केहरका और अपने दोस्त शुभम पुत्र अशोक निवासी केहरका के साथ कार से शादी में नोएडा गए। वहां से बारात के लिए सहारनपुर गए थे। आज तक भी घर नहीं पहुंचे। उनके मोबाइल भी बंद है। थाना पुलिस से जांच पड़ताल कर तीनों को बरामद करने की मांग की है।
सड़क हादसे में दो घायल
चांदीनगर। ढिकौली-रटौल मार्ग पर बाइक की आमने सामने की टक्कर होने से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। राहगीरों ने असलम पुत्र आंसू की गंभीर हालत को देखकर दिल्ली जीटीबी में भर्ती कराया। दूसरा बाइक सवार राजेंद्र पुत्र धर्मपाल निवासी लहचौड़ा को निजी चिकित्सकों के यहां भर्ती कराया। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई।
जेल से छूटकर आरोपी दे रहा धमकी
चांदीनगर। सांकल पूठी गांव निवासी एक व्यक्ति ने थाना चांदीनगर में तहरीर देते हुए बताया कि दो साल पहले गांव का ही एक युवक उसकी बहन को बहला फुसलाकर ले गया था। बाद में पुलिस द्वारा युवक को पकड़कर जेल भेज दिया था। आरोपी जेल से छूटकर अब परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। फैसला करने का दबाव बना रहा है। इससे परिवार में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। पीड़ित ने थानाध्यक्ष से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।