बागपत। बिनौली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में आरोपी केस में समझौते का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे पीड़ित परिवार भयभीत है। अब पीड़ित परिवार गांव से पलायन करने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने पुलिस अफसरों से हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
किशोरी ने अपने परिजनों के साथ शुक्रवार को एसपी दफ्तर में पहुंचकर बताया तीन सप्ताह पहले अपने घर से पशुओं का गोबर डालने के लिए गांव के बाहर कूड़ी पर जा रही थी। गांव के ही छह-सात युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ कर अश्लील हरकतें कीं। आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। आरोप है कि पुलिस ने अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, इस कारण आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार पर केस में समझौते का दबाव बना रहे हैं। मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपियों की दहशत से परिवार गांव से पलायन करने को मजबूर हो रहा है। पीड़ितों ने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर सीओ रजनीश से अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ ने बिनौली पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।