बड़ौत (बागपत)। पॉलीटेक्निक के छात्र निवासी आकाश की हत्या के मामले में पुलिस खुलासे के काफी नजदीक पहुंच गई है। अभी तक जो पूछताछ मेें प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी हुई है।
रामबाग कॉलोनी निवासी पॉलीटेक्निक के छात्र आकाश का चाकू से गोदा शव बुधवार को बड़का गांव के जंगल मेें गन्ने के खेत में मिला। इस मामले में उसके पिता प्रदीप ने अज्ञात में मामला दर्ज कराया। अभी तक आकाश का मोबाइल गायब है और स्विच ऑफ है। यह भी पता चला है कि आकाश दूसरा फोन भी इस्तेमाल करता था। उस फोन से किए गए नंबरों के आधार पर पुलिस खुलासे मेें जुटी है। पुलिस ने पॉलीटेक्निक के कुछ छात्रों समेत आकाश को नेहरू रोड से बुलाकर ले जाने वाले युवक प्रवीण को हिरासत में लिया हुआ है। उन सभी से पूछताछ की जा रही है। कोतवाली प्रभारी बीएस सिरोही का कहना है कि अभी तक की जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
छात्र के परिजन कोतवाली प्रभारी से मिले
बड़ौत। पालिका चेयरमैन अमित राणा के नेतृत्व में मृतक छात्र आकाश के परिजन और रामबाग कॉलोनी के निवासियों ने कोतवाली पहुंचकर कोतवाली प्रभारी से जानकारी ली और कहा कि इस मामले में किसी निर्दोष को न फंसाया जाए और इसका शीघ्र खुलासा किया जाए। कोतवाल ने बताया कि पुलिस धीरे-धीरे हत्या में शामिल लोगों के नजदीक पहुंच रही है और शीघ्र खुलासा होगा।