बागपत।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दो दिन पहले कांवड़ देखने जा रही महिला के साथ शराबी चार युवकों ने अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ की। साथ ही पीड़ित को बलात्कार करने की धमकी दी। आरोपी पक्ष का युवक एक माह पूर्व ही उसकी ननद का अपहरण कर ले गया था। महिला के पति ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि गांव के चार-पांच लोग काफी समय से उन्हें परेशान कर रहे हैं। दो दिन पहले उसकी पत्नी व भाभी गांव के बाहर कांवड़ यात्रा देखने के लिए गई । बीच रास्ते में ही शराब के नशे में धुत आरोपियों ने उसकी पत्नी को घेर लिया तथा उसका हाथ पकड़कर अश्लील हरकत की। यही नहीं विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित को बलात्कार करने की धमकी भी दी है। वह किसी तरह से आरोपियों से चंगुल से छूटकर घर पहुंची। पीड़ित ने कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने के आरोप में तहरीर दे दी है। पुलिस ने आरोपी बिल्लू, सुरेंद्र, संजीव व गुल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वही आरोपी पक्ष का एक युवक ने एक माह पूर्व ही उसकी नाबालिग बहन का भी हाईवे से अपहरण किया था। इस संबंध में भी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
पत्नी को लेने पहुंचे पति के साथ की मारपीट
बागपत। मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र हर्रे गांव निवासी एक युवक ने बताया कि उसकी शादी तीन वर्ष पूर्व पुराना कस्बा निवासी एक युवती के साथ हुई । शादी के बाद से ही पति पत्नी में विवाद चल रहा है। नौ दिन पूर्व ही उसकी पत्नी अपने घर आई । शुक्रवार सुबह के समय वह अपने भाई के साथ उसे लेने बागपत पहुंचा। मगर विवाहिता ने उसके साथ ससुराल जाने से साफ इंकार कर दिया। इस दौरान विवाहिता के परिजनों के सामने युवक ने उसके संबंध में गलत टिप्पणी की तो विवाहिता के परिजन आक्रोशित हो गए तथा दोनों युवकों को धुना। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।