खेकड़ा थाना क्षेत्र के रटौल गांव से मजदूरी पर गया व्यक्ति 20 दिन से लापता है। मजदूर की मां ने बेटे को गायब कर हत्या करने की आशंका जताकर थाना खेकड़ा में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब मां ने एसपी को ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाई।
रटौल गांव निवासी फूल मिजरा पत्नी अख्तर ने एसपी को बताया कि उसके 47 वर्षीय बेटे उमर फारूख उर्फ मलवा को आठ मई को इरफान पुत्र लियाकत, अकबर पुत्र ताजू निवासी गांव देहरा थाना धौलाना जिला हापुड़, नौशाद निवासी रटौल अपने साथ मजदूरी करने के लिए लेकर गए थे। उन्होंने कहा था कि हमारी कहीं बाहर काम चल रहा है और आठ-दस दिन में काम खत्म हो जाएगा। मजदूरी के रुपये हम आपको तभी दे देंगे। अब 20 दिन हो गए हैं, उसका बेटा घर नहीं लौटा। उसने उसे ले जाने वाले लोगों से जानकारी की तो उन्होंने भी सही जवाब नहीं दिया। उसने आशंका जताई है कि बेटे को ठेकेदार ने गायब करके उसकी हत्या कर दी है। उसने खेकड़ा थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिला ने एसपी से रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई करने की मांग की। एसपी जयप्रकाश ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।