चांदीनगर (बागपत)। फुलैरा गांव में सीआरपीएफ के सिपाही पर पड़ोस के ही लोगों ने खेत में सांड़ घुसाने के विरोध करने पर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। वह छुट्टी लेकर घर पर आया हुआ था। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
फुलैरा गांव निवासी संजय सीआरपीएफ में सिपाही के पद पर श्रीनगर में तैनात है। वह छुट्टी लेकर घर पर आया हुआ है। पड़ोसी ने सोमवार सुबह अपने खेत से सांड़ निकालकर उनके खेत में घुसा दिया। पता चलने पर सिपाही संजय ने विरोध किया। इसी को लेकर पड़ोसी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर सिपाही संजय पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। शोर शराबा होने अन्य खेतों में काम कर रहे किसानों ने उनकी जान बचाई। परिजनों ने घायल को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया। बाद में इस मामले में चांदीनगर थाने पर आरोपी सतवीर , उसके दो बेटे मनोज और रिंकू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया । थानाध्यक्ष राजेश कुमार भारती का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
युवक के साथ मारपीट, हंगामा
बागपत। पुराना कस्बा में युवक शौकत के साथ रुपये के लेनदेन को लेकर पड़ोस के दो लोगों ने मारपीट कर दी। वह चोटिल हो गया। इससे हंगामा हो गया। बाद में पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।