बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार की रात में लोनिवि के गेस्ट हाउस के पास बाइक सवार दो युवकों ने ट्रक चालक को मारपीट कर घायल कर लिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान ट्रक चालक के जेब में रखी 24 हजार रुपये की नगदी भी गायब हो गई।
सरूरपुर गांव निवासी सोनू पुत्र नरेश पाल ने बताया कि वह बृहस्पतिवार की रात में भट्ठे से ट्रक में ईंट लेकर गुरुग्राम के लिए चला। ट्रक में पवन, विनोद, गौरव और शनि भी सवार थे। जब ट्रक दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लोनिवि के गेस्ट हाउस के पास पहुंचा तो बाइक सवार दो युवकों ने ट्रक के आगे बाइक खड़ी कर रुकवा लिया। उसके साथ गाली गलौच कर मारपीट की। इसमें वह घायल हो गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान ट्रक चालक की जेब में रखी 24 हजार रुपये की नगदी भी गायब हो गई। युवक मारने की धमकी देकर भाग निकले। चालक ने कोतवाली में दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि युवकों ने साइड न मिलने पर चालक के साथ मारपीट की । 24 हजार रुपये गायब होने की बात गलत है। आरोपी रवि निवासी पुराना कस्बा बागपत और सन्नी निवासी सिसाना को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।