बागपत। कचहरी परिसर स्थित हवालात में प्रमोद गांगनौली गैंग के सदस्यों ने एक लाख के इनामी रहे अजीत उर्फ हप्पू के भाई शीलू पर हमला बोल दिया। इसमें वह घायल हो गया। जेल अस्पताल में घायल शीलू का इलाज चल रहा है। उधर, एसपी जयप्रकाश ने इस तरह की घटना से इंकार किया है।
बुधवार को कोर्ट में एक लाख के इनामी रहे अजीत उर्फ हप्पू का भाई शीलू पेशी पर आया । वहीं प्रमोद गैंग के सदस्य अंकित बामनौली, कपिल गांगनौली, मोना पंडित, अंकित मोटा बिजरौल, मोहन गांधी, निशांत दांगी खेड़ा हटाना, मनीष उर्फ अन्ना बावली भी पेशी पर आए इन्हें कचहरी परिसर स्थिति हवालात में रखा। आरोप है कि सातों बदमाशों ने शीलू पर हमला बोल दिया। इसमें वह घायल हो गया। हवालात में झगड़े की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। काफी संख्या में पुलिसकर्मी हवालात में पहुंचे और झगड़ा कर रहे बदमाशों को अलग-अलग किया। घायल शीलू के परिवार ने बताया कि मेरठ जेल में बंद उसके भाई अजीत उर्फ हप्पू और प्रमोद गांगनौली गैंग के सदस्य रवि पंडित का आठ मई को झगड़ा हो गया था। हप्पू ने उसकी पिटाई कर दी । इसका बदला लेने के लिए शीलू पर हमला कराया है।
उधर, एसपी जयप्रकाश ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। कचहरी स्थित हवालात में पुलिस बल तैनात रहता है। यहां पर मारपीट नहीं हो सकती। मामले की जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।