बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गौरीपुर मोड़ के पास रोड़ी से भरे ट्रक ने महिला को कुचल दिया। महिला के दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल से दिल्ली रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
घायल रीना पत्नी पवन कुमार पट्टी चौधरान बड़ौत की रहने वाली है। वह मंगलवार को बेटे के साथ बाइक पर दिल्ली जा रही थी। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गौरीपुर मोड़ के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बेटा पानी की बोतल खरीदने लगा। रीना बाइक के पास ही खड़ी हुई थी। इसी दौरान पीछे से रोड़ी से भरे ट्रक ने रीना को टक्कर मार दी। उसके दोनों पैरों के ऊपर से ट्रक के पहिया उतर गया। इसके बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं लग सका। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया है। इस मामले में अभी कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई है।