बागपत। पुरा गांव के सजायाफ्ता पप्पू हत्याकांड के दोनों आरोपियों को बालैनी थाना पुलिस ने पांच घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर घटना में प्रयुक्त दो तमंचे बरामद किए है। आरोपियों ने कहा कि पप्पू को मारकर चाचा रिटायर्ड एएसआई ऋषिपाल की हत्या का बदला लिया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उन्हें वापस जेल भेजा।
बालैनी थाना क्षेत्र के पुरा में 20 अगस्त की शाम पप्पू (30) पुत्र ताराचंद निवासी पुरा हाल बड़ौत की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह श्री परशु रामेश्वर महादेव मंदिर से पूजा अर्चना कर बाइक से बड़ौत लौट रहा था। मृतक के भाई सत्यवीर निवासी आजाद नगर बड़ौत ने दीपक व भीम सिंह निवासी पुरा के खिलाफ बालैनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पप्पू को गांव के रिटायर्ड एएसआई ऋषिपाल की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वह जेल से पेरोल पर बाहर आया। दोनों हत्यारोपियों दीपक और भीम सिंह ने कुछ दिन पहले पुलिस को चकमा देकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।
बालैनी थानाध्यक्ष महिपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को पांच घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। दोनों ने हत्या करना कबूल किया और बताया कि चाचा रिटायर्ड एएसआई ऋषिपाल की हत्या का बदला लिया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो तमंचे बरामद किए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश किया। यहां से उन्हें वापस जेल भेज दिया गया।