रमाला (बागपत)। करीमपुर जिवानी गांव से बुधवार की रात में चार युवक किशोर का अपहरण करके ले गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लग सका। परिजनों ने चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
करीमपुर जिवानी निवासी वीरेंद्र का 15 वर्षीय बेटा सागर ईंट के ट्रक पर मजदूरी करता है। बुधवार की रात में वह ट्रक पर सोया हुआ था। रात में ढाई बजे के करीब दो बाइकों पर सवार होकर चार बदमाश आए और मारपीट कर उसका अपहरण करके ले गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर युवक की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लग सका। पिता ने गांव के ही मयंक पुत्र सहदेव, निखिल पुत्र सुरेश, सागर पुत्र काला सहित चार युवकों के खिलाफ थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया।
किशोर के पिता ने बताया कि तीन माह पहले भी सागर पर हमला हुआ था। इसमें एलम निवासी एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंपा था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा है। आरोपी युवक जेल से जमानत पर बाहर आया हुआ है। उसने ही सागर का अपहरण कराया है। ये लोग उसकी हत्या भी कर सकते हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोर के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही उसे सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।