एक साल के बेटे के साथ विवाहिता दस दिन से लापता है। पति ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई है। उधर महिला के परिजनों ने पति पर ही दोनों को गायब करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली प्रभारी से शिकायत की है।
सोनिया पत्नी संदीप कमासपुर हरियाणा हाल बागपत की रहने वाली है। महिला की मां कुसुम ने बताया कि उसकी बेटी सोनिया की शादी दो साल पूर्व संदीप के साथ हुई थी। उसके एक साल का बेटा भी है। आरोप है कि संदीप नशेड़ी भी है। 28 फरवरी को सोनिया के ससुर की मौत हो गई थी। तेरहवीं के दिन पति ने सभी लोगों के सामने सोनिया की पिटाई कर दी थी। संदीप 4 मार्च को पत्नी सोनिया को लेकर बागपत वापस आ गया था। यहां आते ही उसने फिर से सोनिया की जमकर पिटाई की। उसने फोन पर मां को पिटाई की सूचना दी थी। चार मार्च की शाम को मां कुसुम ने सोनिया के मोबाइल पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ मिला। उसने दामाद से बेटी के बारे में पूछा तो वह भी कुछ नहीं बता पाया। उसने अपने ही दामाद पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मां कुसुम ने कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार से शिकायत कर बेटी को बरामद किए जाने की मांग की है।