रंछाड़ गांव में दो दिन पहले किशोर को मारपीट करने के मामले में बिनौली पुलिस के कोई कार्रवाई न करने से नाराज ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने एसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को रंछाड़ गांव के ग्रामीण एसपी दफ्तर में पहुंचे और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा सात मार्च को शिवम पुत्र सुरेंद्र को गांव के ही दो युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया । इस मामले में उन्होंने बिनौली थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की। बुधवार की रात में आरोपी पक्ष के 4-5 युवक तमंचे लेकर उनके घर पहुंचे और कहा कि तुम्हें पुलिस से शिकायत करने का मजा चखाएंगे। आरोप है कि आरोपी युवक उनके घर से 2500 रुपये की नगदी व मोबाइल भी लूट ले गए और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। उन्होंने आरोपियों से जान का खतरा बताया। एसपी ने उन्हें इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इनमें सुरेंद्र, सोहनवीर, ओमकार, रामकुमार, भोपाल, महेंद्र, हर गुलाल, रामकिशोर, रामप्यारी, विमला, कृष्णा, सत्तों, राजेंद्री आदि रहे।