प्रेम-प्रसंग में की गई थी बड़का के शाहिल की हत्या
बड़ौत (बागपत)। बड़का गांव के शाहिल की हत्या प्रेम-प्रसंग को लेकर की गई थी। पुलिस इस घटना के खुलासे के नजदीक पहुंच चुकी है और कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है। सोमवार को इसका विधिवत खुलासा होगा।
शाहिल पुत्र शौकीन जो कि मजदूरी करता था, 31 जुलाई को घर से गांव में जाने के लिए गया था। लेकिन, उसका कहीं पता नहीं चला था। उसके पिता शौकीन ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दो अगस्त को उसका शव ढ़ोढरा गांव के जंगल में एक खेत में चाकुओं से गुदा हुआ पड़ा मिला था। उसकी गर्दन भी काटी गई थी। मौके पर शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को पीएम के लिये भेज दिया था। बाद में शिनाख्त होने पर मामले में मृतक के पिता ने अज्ञात में मामला दर्ज कराया था। पुलिस तभी से इस मामले को प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मान रही थी। कोतवाली प्रभारी हरे राम यादव ने बताया कि इस घटना में तीन युवक रहे हैं और इसके पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला स्पष्ट हो रहा है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, उनसे अभी पूछताछ की जा रही है। सोमवार को इस घटना का विधिवत खुलासा कर दिया जाएगा।