शामली। रविवार रात रात थानाभवन से गांव सोंता रसूलपुर से लौट रहे दो लकड़ी व्यापारियों का बदमाशों ने अपहरण कर लिया और तीन घंटे के भीतर फिरौती में पचास हजार रुपये लेकर उन्हें छोड़ दिया।
इस दौरान तीन थानों की पुलिस घेराबंदी किए रही, एसपी शामली खुद मौके पर पहुंच गए, इसके बावजूद बदमाश फिरौती की रकम वसूल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस बदमाशों की तलाश में कांबिंग कर रही थी।
अपह्त मौमीन (39) और रिजवान (30) गांव सोंता रसूलपुर के रहने वाले हैं और चचेरे भाई है। ये थाना भवन में लकड़ी का कारोबार करते हैं। रविवार रात करीब आठ बजे वे बाइक से थाना भवन से अपने गांव लौट रहे थे।
इसी बीच उनका अपहरण कर लिया गया। जिला पंचायत सदस्य मास्टर जाहिद ने बताया कि दोनों युवक उनके परिवार के ही है और करीब नौ बजे उनके मोबाइल से फोन से बदमाशों ने उनका अपहरण होने के संबंध में सूचना दी। एक लाख रुपये फिरौती लेकर तुरंत तितारसी पुल के पास एक नलकूप पर आने को कहा।
इसी बीच सूचना मिलने पर थाना बाबरी, थाना भवन और आदर्श मंडी थानों की पुलिस के साथ एसपी और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। परिवारीजनों ने घर में रखे पचास हजार रुपये लेकर परिवार के ही एक सदस्य मुनीर को नलकूप पर भेजा। उसके रकम लेकर बदमाश फरार हो गए। इसके बाद वह नलकूप से दोनों अपह्तों को साथ लेकर पुल पर पहुंचा। पुलिस ने घेरा कसा लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।