बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बंधन बैंक के पास ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार महिला पुलिस कर्मी घायल हो गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
महिला पुलिस कर्मी सपना कश्यप ने बताया कि वह कचहरी में तैनात है। सोमवार को शाम के समय वह स्कूटी पर सवार होकर कचहरी से वापस बागपत लौट रही थी। जब वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बंधन बैंक के पास पहुंची तो ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में महिला पुलिस कर्मी घायल हो गई। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ लग गई। कोतवाली पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में अभी तक तहरीर नहीं दी। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।