बागपत। जिला कारागार में पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद फतेहगढ़ सेंट्रल जेल शिफ्ट किए गए सुनील राठी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई। जेल में पिस्टल बरामद होने के बाद आर्म्स एक्ट के मामले में पेशी हुई।
बागपत जेल में बंद रहने के दौरान सुनील राठी की अधिकतर मामलों में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ही पेशी होती थी। बागपत जिले के मुकदमों में ही राठी को कोर्ट ले जाया जाता था। मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद फतेहगढ़ जेल में शिफ्ट होने के कारण बागपत के मुकदमों में भी राठी को कोर्ट में पेश नहीं किया जा रहा था। जेल में पिस्टल बरामद होने के बाद खेकड़ा थाना प्रभारी ने आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया था। बुधवार को आर्म्स एक्ट के मामले में राठी की वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी हुई।
सीओ के नेतृत्व में चलाया गया चेकिंग अभियान
बागपत। सीओ दिलीप सिंह के नेतृत्व में कचहरी परिसर में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस को सूचना मिली थी कि फतेहगढ़ से पुलिस सुनील राठी को लेकर कोर्ट में पहुंच सकती है। लेकिन इसके बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी की सूचना मिली।
दोबारा होगी पूछताछ, देवरिया भेजा अरविंद
बागपत। सुनील राठी के भाई अरविंद राठी को देवरिया जेल में शिफ्ट कर दिया है। पुलिस ने कई बार अरविंद राठी से पूछताछ की। मामले में पुलिस बंदियों से दोबारा पूछताछ कर रही है। हत्या के दिन तन्हाई बैरक में बंद बंदियों से पूछताछ चल रही है।
मजिस्ट्रेट जांच में किसी ने दर्ज नहीं कराए बयान
बागपत। मुन्ना बजरंगी हत्याकांड की मजिस्ट्रेट जांच के आखिरी दिन भी कोई बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचा। शासन ने एडीएम लोकपाल ंसिंह को जांच अधिकारी बनाया था। 25 जुलाई तक बयान दर्ज कराए जाने थे। एडीएम लोकपाल सिंह का कहना है कि कोई बयान दर्ज कराने नहीं आया।