बड़ौत (बागपत)।
शामली से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में सोमवार तड़के सीट पर बैठने को लेकर दो गुटों में मारपीट हुई। इससे ट्रेन में सवार यात्रियाें में अफरातफरी मच गई। बाद में जीआरपी को देख मारपीट करने वाले युवक भाग निकले। उनका पीछा भी किया गया। लेकिन वे हाथ नहीं लगे।
शामली-दिल्ली 51910 पैसेंजर जैसे ही बावली हाल्ट से रवाना हुई तो ट्रेन में सवार दो गुटों में सीट पर बैठने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घुंसे और बेल्टों से हमला बोल दिया। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। यात्रियों ने जीआरपी को फोन पर इसकी सूचना दी। जीआरपी के एसएसआई सुखपाल सिंह पुलिस बल के साथ बड़ौत रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। ट्रेन जैसे ही बड़ौत रेलवे स्टेशन पर रुकी तो जीआरपी को देख युवक भाग निकले। उन्हें पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। इस संबंध में जीआरपी एसएसआई सुखपाल से बातचीत की तो उन्होंने कहा सीट को लेकर कहासुनी हुई थी।