बड़ौत (बागपत)।
आठ दिन से लापता महिला की बरामदगी को लेकर परिजनों ने कोतवाली में हंगामा किया तो पुलिस ने हरकत में आई और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुट गई।
बाबरपुर, दिल्ली निवासी पदम सिंह ने अपनी बेटी रजनी की शादी डेढ़ साल पहले लुहारी गांव के पूरण पुत्र जितेंद्र के साथ की । इसके अब ढाई माह का बच्चा भी है। आठ दिन पहले रजनी को उसका पति मायके से लेकर आया । इसके बाद से रजनी का कहीं पता नहीं है। इसके पिता पदम सिंह ने कोतवाली में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई ।
तीन दिन बाद भी जब पुलिस ने रजनी को बरामद नहीं किया तो सोमवार को रजनी के पिता पदम सिंह, मां सुमित्रा और बहन पूजा कोतवाली पहुंचे और उन्होंने जमकर हंगामा किया। उन्होंने कहा यदि शीघ्र रजनी की बरामदगी नहीं की तो वे कोतवाली में ही धरना देंगे। इस पर पुलिस हरकत में आई और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
रजनी की बहन पूजा ने बताया कि रविवार की रात में भी उनकी रजनी से बात हुई और वह काफी डरी हुई थी और कह रही थी कि मुझे यहां से निकाल लो। उसने आरोप लगाया कि उसे बंधक बनाया हुआ है और उसकी हत्या कर सकते हैं। इस संबंध में एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने बताया कि पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने रजनी का पता बता दिया है। पुलिस को वहां भेजा गया है। देर रात तक लौटने कर आने की उम्मीद है।