बागपत। अजमेर में पुलिस कस्टडी से भागा बज्जू ने पुलिस को चकमा देकर मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस को इसकी भनक भी नहीं लगी।
निवाड़ा गांव से पांच जुलाई से लापता किशोरी खैरूना को अजमेर में बेचने की जानकारी मिली। पुलिस उसको बरामद करने के लिए वहां पर पहुंच गई थी। पुलिस को किशोरी नहीं मिली। हिरासत में लिए आरोपी युवक बज्जू और युवती ने खैरूना की हरिद्वार में ले जाकर डूबो कर मारने की जानकारी दी। पुलिस दोनों को लेकर रविवार को वापस बागपत आने लगी । इसी दौरान बज्जू पुलिस को भीड़ में चकमा देकर भाग गया था। पुलिस ने उसको काफी तलाश किया, लेकिन उसका अजमेर में कहीं पता नहीं चला । पुलिस लौट आई।
मंगलवार को आरोपी बज्जू ने बागपत कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस को इसका पता भी नहीं चला। कोतवाली एसएसआई धर्मेंद्र सिंह सिंधु ने कहा पुलिस दबाव के चलते आरोपी बज्जू ने न्यायालय में आत्म समर्पण किया है। अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, किशोरी के परिवार की महिला सलामती ने कहा इस केस में पुलिस ढुलमुल रवैय्या अपना रही है। उसने पुलिस अफसरों से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।