बागपत। कोतवाली पुलिस ने मवी कलां गांव के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के मिनी टोल पर शराब से लदी कार पकड़ी। कार से 55 पेटी देसी शराब बरामद हुई। हरियाणा से शराब की तस्करी कर लोनी में सप्लाई करनी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
एएसपी रण विजय सिंह ने बताया कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर मवी कलां के पास मिनी टोल पर पुलिस चेकिंग कर रहे थे। हरियाणा की तरफ से आ रही सेंट्रो कार को रोक कर तलाशी ली गई तो कार से 55 पेटी देसी शराब बरामद हुई। शराब तस्कर भूषण पुत्र महेंद्र प्रकाश निवासी चौहान पट्टी थाना सभापुर दिल्ली को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा से शराब की तस्करी कर गाजियाबाद जनपद के लोनी में ले जाई जा रही थी। शराब की कीमत ढाई लाख रुपये के लगभग है। आरोपी एक साल से शराब तस्करी कर रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेजा।