खेकड़ा (बागपत)।
बुधवार को पुलिस ने चेयरपर्सन की सीएचसी में डाक्टरी कराकर चेयरपर्सन की तहरीर पर पालिका की अधिशासी अधिकारी और तीन सभासदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। खेकड़ा नगर पालिका चेयरपर्सन संगीता धामा परिजनों के साथ खेकड़ा तहसील में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को मंगलवार को शिकायती पत्र सौंपा था।
खेकड़ा नगर पालिका की चेयरपर्सन संगीता धामा ने डीएम और एसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा 31 दिसंबर की शाम वह नगर पालिका कार्यालय में मौजूद थी। कार्यालय में एक कर्मचारी का विदाई समारोह आयोजित होना था, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही समारोह समाप्त कर दिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से इस संबंध में बात की तो अधिशासी अधिकारी ने उनके साथ अभद्रता की। इसके बाद ईओ ने कार्यालय में मौजूद तीन सभासदों को उनके प्रति उकसाया। इसके बाद तीनों सभासदों ने मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी और अश्लीलता कर कपडे़ तक फाड़ डाले। जब वहां से मौका पाकर जान बचाती हुई भागी तो ईओ उनके पीछे चप्पल लेकर दौड़ी। सोमवार की देर रात्रि में उन्होंने परिजनों के साथ खेकड़ा थाने में पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी देकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। बुधवार को चेयरपर्सन की तहरीर पर पुलिस ने चेयरपर्सन की खेकड़ा सीएचसी में डॉक्टरी कराई। और उनकी तहरीर पर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी निहारिका चौहान, सभासद सुधीर धामा, संदीप पाटिल और संदीप धामा के खिलाफ गंभीर आरोपों में केस दर्ज किया।