लुहारा गांव के छात्र विशाल हत्याकांड के दो आरोपियों ने पुलिस को चकमा देकर सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। इस मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपी फरार है। पुलिस उन्हें पकड़ने के प्रयास कर रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है। उसने हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने का प्रयास होगा।
छपरौली थाना क्षेत्र के लुहारा गांव निवासी विशाल पुत्र महक सिंह बड़ौत में नेहरू रोड से सटी ईश्वर कॉलोनी में किराये पर कमरा लेकर रहता था और कस्बे के एक डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। रविवार की रात में बड़ौत में धारदार हथियार से गर्द काटकर छात्र की हत्या की। सोमवार को कमरे से छात्र का शव बरामद हुआ। मृतक छात्र के पिता ने काला, दीपक, बिट्टू व मुशर्रफ निवासी लुहारा को नामजद कर बड़ौत कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई । मुशर्रफ छपरौली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। मृतक का मोबाइल हरियाणा के सोनीपत में ट्रक से बरामद हुआ। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही है, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। बृहस्पतिवार को आरोपी काला और बिट्टू ने सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। कोर्ट से दोनों को जेल भेजा। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय में सरेंडर करने वाले दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने की कोशिश होगी। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
पांच हजार रुपये को लेकर हुआ विवाद
बागपत। पुलिस को जानकारी मिली है कि कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के आरोपी काला का मृतक विशाल से शराब के पांच हजार रुपये को लेकर विवाद हुआ। काला ने उधार दिए रुपये मांगे तो विशाल ने उसे रुपये देने से मना किया। पुलिस से शिकायत कर दी कि काला शराब बेचने का काम करता है। इसको लेकर उनका विवाद हो गया। यह भी जानकारी मिली की कि विशाल का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम प्रसंग के चलते ही किसी तीसरे युवक ने उसकी हत्या की है।
कुख्यात अमरपाल का साथी है मुशर्रफ
बागपत। पुलिस ने बताया कि छात्र विशाल हत्याकांड का आरोपी मुशर्रफ छपरौली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह कुख्यात अमरपाल लुहारा गिरोह का सक्रिय सदस्य है। चार साल पहले लुहारा गांव के विकास व पप्पू की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई थी। दोहरे हत्याकांड में मुशर्रफ भी आरोपी था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार जेल भेज दिया था। अब वह जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ है।
एलान करके की गई थी छात्र की हत्या
बागपत। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक सप्ताह से छात्र विशाल की हत्या करने के लिए आरोपी घूम रहे थे। उन्होंने गांव में भी उसकी हत्या करने का ऐलान कर रखा था, लेकिन छात्र इसको हलके में ले रहा था। मरने से दो दिन पहले भी चारों आरोपी बड़ौत स्थित उसके कमरे पर उसकी हत्या करने के लिए आए थे, लेकिन वह उन्हें नहीं मिला था। मृतक छात्र ने इसके बारे में पड़ोसी को भी बताया था कि ये लोग उसकी हत्या करने की फिराक में है।