अमीनगर सराय (बागपत)। पुठड़ गांव के पास अमीनगर सराय-बिनौली मार्ग पर रविवार की रात में किराना व्यापारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर हजारों की नगदी व मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जंगल में कांबिंग कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। व्यापारी ने तहरीर दी है।
अमीनगर सराय निवासी बृजेश अग्रवाल की सराय मोड़ पर किराना की दुकान है। रविवार की रात में करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से वापस घर लौट रहा था। जब वह अमीनगर सराय-बिनौली मार्ग पर पुठड़ गांव के पास पहुंचा तो पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवर टेक कर रोक लिया। तमंचे के बल पर 16 हजार रुपये की नगदी लूट ली। विरोध करने पर व्यापारी को मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने पहुंचकर जंगल में बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई हाथ नहीं लग सका। पीड़ित व्यापारी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह संधू ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।