चोर मंगलवार की रात में गांव सरूरपुर कलां में स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर तीन और आंगनबाड़ी केंद्र के ताले तोड़कर हजारों रुपये का सामान चुराकर ले गए। प्रधानाचार्य ने चोरी की तहरीर दी।
गांव में स्थिति प्राथमिक विद्यालय नंबर तीन की प्रधानाचार्य शालू मलिक ने बताया कि बुधवार की सुबह साढ़े आठ बजे विद्यालय में पहुंची तो विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र के ताले टूटे थे और अंदर से सामान गायब था। मंगलवार की रात्रि में चोरों ने वारदात की। चोर विद्यालय से राशन, तीन पंखे, खिड़की के सरिया, विद्युत केबल, बर्तन, नल की टोंटी, घंटी और आंगनबाड़ी केंद्र से बीएलओ सूची, रजिस्टर, वजन मंशी, एल्युमीनियम कड़ाही, खिलौना किट, बर्तन चोरी कर ले गए। विद्यालय में चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने पुलिस से खुलासे की मांग की। प्रधानाचार्य ने चोरों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।