बागपत। ठेकेदार ने लोक निर्माण विभाग के दफ्तर में घुसकर अधिशासी अभियंता पर हमला किया। ठेकेदार ने हिसाब नहीं करने पर मारपीट कर मारने की धमकी दी। पीड़ित अधिशासी अभियंता ने कोतवाली में आरोपी ठेकेदार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसके गौतम ने बताया कि काफी समय पहले आवास विकास कॉलोनी बड़ौत निवासी ठेकेदार नीटू ने उनकी साइट पर कार्य किया, इसका भुगतान करा दिया। अब टेंडर दूसरे ठेकेदार को दिया। पूर्व ठेकेदार लोनोवि पर ज्यादा रुपये बता रहा है। अधिकारी भी उसे कई बार समझा चुके हैं। शनिवार को दोपहर के समय ठेकेदार नीटू उनके कार्यालय में घुस आया और गाली गलौच कर अभद्र व्यवहार किया। उसने विभाग पर 18 हजार रुपये बकाया बताए। जब अधिशासी अभियंता ने उसे समझाने की कोशिश की तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट कर दी। शोर शराबा सुनकर कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नीटू को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। ठेकेदार ने अधिशासी अभियंता को बकाया रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित अधिशासी अभियंता ने कोतवाली में ठेकेदार नीटू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।