अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। कस्बे में सरे बाजार युवक को बाइक सवार चार युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया। हमलावर तमंचे लहराते हुए भाग निकले। इस वारदात का कारण रंजिश बताया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उसे गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया। अस्पताल में पुलिस के घायल युवक के बयान दर्ज न करने पर परिजनों ने हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से उनकी नोंक झोंक भी हुई। हंगामे के बाद पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए।
बली गांव निवासी वीर सिंह का 22 वर्षीय बेटा राहुल सोमवार की शाम अग्रवाल मंडी टटीरी में दवा लेने आया । जब वह पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो इसी दौरान गांव के ही चार युवक बाइक पर सवार होकर आए और उन्होंने राहुल को निशाना साधकर फायरिंग शुरू कर दी। पैर में गोली लगने से युवक घायल होकर जमीन पर गिर गया। हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। गोलियों की आवाज सुनकर कस्बे में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया।
घायल के पिता वीर सिंह ने बताया कि तीन माह पहले गांव के ही युवकों से क्रिकेट खेलने को लेकर राहुल का झगड़ा हो गया था। तब उन्होंने बेटे की पिटाई कर दी थी। इस मामले में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने फिर से राहुल पर हमला किया है। गांव के टाइगर, सेलक, कपिल समेत चार युवकों ने बेटे को गोली मारकर घायल किया है। सीएचसी में पुलिस द्वारा घायल युवक के बयान न लिए जाने पर परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस से नोंक झोंक हुई। हंगामे के बाद पुलिस ने युवक के बयान दर्ज हुए। सीएचसी से घायल को जीटीबी अस्पताल दिल्ली रेफर किया। इस संबंध में पिता ने चार युवकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि रंजिश में युवक को गोली मारी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।