बड़ौत (बागपत)।
छपरौली चुंगी के नजदीक चेकिंग के दौरान एआरटीओ ने रेवेन्यु बार एसोसिएशन के महामंत्री की बाइक रुकवा चाबी निकाल ली। कुछ समय बाद जब अधिवक्ताओं को लेकर वहां पहुंचे तो न बाइक मिली और न ही एआरटीओ मिले। इसको लेकर अधिवक्ताओं ने सांकेतिक हड़ताल कर कोतवाली में तहरीर देकर बाइक बरामद कराने की मांग की।
रेवेन्यु बार एसोसिएशन के महामंत्री आनंद पाल तोमर बुधवार को तहसील से किसी कार्य के लिए छपरौली चुंगी पर बाइक से आ रहे थे। वहां एआरटीओ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने उनकी बाइक रुकवाई और चाबी निकाल ली। इस पर जब महामंत्री तहसील से अधिवक्ताओं को लेकर वहां पहुंचे तो न तो उनकी बाइक मिली और न ही एआरटीओ। इसको लेकर अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को तहसील में सांकेतिक हड़ताल रखी और कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर बाइक बरामद कराने की मांग की। उन्होंने निर्णय लिया कि शुक्रवार को पुन: अधिवक्ताओं की बैठक होगी। इसमें आगामी आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर बार अध्यक्ष वेदपाल पंवार, विनेश तोमर, ईश्वर सिंह, तेजवीर, दीपक राठी, सतपाल पंवार आदि रहे।