खेकड़ा। खैला गांव में दोस्त की शादी में शामिल होकर बृहस्पतिवार रात घर जा रहे बाइक सवार सेना में सिपाही शिवम (25) निवासी फखरपुर और उनके दोस्त कुनाल की बाइक में बड़ागांव के पास पिकअप ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गाजियाबाद के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान सैनिक शिवम की मौत हो गई। उनके दोस्त की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
फखरपुर गांव के रहने वाले किसान राजेंद्र सिंह के इकलौते बेटे राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शिवम का वर्ष 2020 में खेल कोटे से सेना में सिपाही के पद पर चयन हुआ था। वर्तमान में उनकी तैनाती मेरठ कैंट में चल रही थी। वह खैला गांव में अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। बृहस्पतिवार रात अपने दोस्त कुनाल के साथ शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से घर वापस आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बड़ागांव के पास पहुंची तो सामने से आई पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी।
हादसे में शिवम और कुनाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हादसे के बाद चालक अपनी पिकअप लेकर भाग गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस से दोनों का जिला अस्पताल में उपचार कराया। हादसे का पता चलने पर परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिवार वाले दोनों को गाजियाबाद के निजी अस्पताल में लेकर गए। वहां देर रात उपचार के दौरान सैनिक शिवम की मौत हो गई। शिवम के परिवार में दो बहनें रह गई हैं।
वर्जन-
पिकअप की टक्कर लगने से हादसा हो गया था। इसमें अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर चालक का पता लगाकर पकड़ा जाएगा।
-सुकन्या शर्मा, सीओ