खेकड़ा। क्षेत्र के एक गांव निवासी 12वीं की छात्रा पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाने और प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी फानू को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि तीन जुलाई को उसकी नाबालिग बेटी को शोएब निवासी बड़ागांव बहला-फुसलाकर ले गया था। इसमें शोएब का चाचा फानू भी शामिल रहा। आरोप लगाया कि शोएब और फानू ने उसकी बेटी पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव भी बनाया, जिसका विरोध करने पर उसकी बेटी की पिटाई की गई। गाजियाबाद पुलिस ने उसकी बेटी को बरामद कर आरोपी शोएब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप लगाया कि जेल गए शोएब का चाचा फानू उसकी बेटी को इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल करके धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बना रहा था। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी फानू को गिरफ्तार कर लिया गया।