खेकड़ा। कस्बे की लाइनपार बस्ती के रहने वाले जुल्फकार (50) की शादी समारोह में अचानक गले में खाना अटकने से मौत हो गई। उसकी मौत के बाद बेटा शमशाद वहां गया और शव लेकर आया।
कस्बे में जुल्फकार वेल्डिंग का काम करता था। सोमवार को वह मेरठ रिश्तेदारी में शादी समारोह में गया था। वहां खाना खा रहा था जो उसके गले में अटक गया। इससे उसकी सांस रुकने लगी। रिश्तेदारों ने उसे पानी भी पिलाया, मगर उसका दम घुटने लगा। रिश्तेदार उसे अस्पताल में ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार चिकित्सकों ने उनको बताया कि खाना उसके गले में अटक गया, जिससे सांस लेने में परेशानी हुई और मौत हो गई।