खेकड़ा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर ट्रक की साइड लगने पर डिवाइडर से टकराकर पिकअप पलटने से हुए हादसे में घायल 14वें श्रद्धालु नेमपाल (45) निवासी अल्लापुर चमारी जिला बदायूं की बुधवार को मेरठ-मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे पहले श्रद्धालु नेमपाल के बेटे जितेंद्र की भी मौत हो चुकी है, जबकि उनकी पत्नी सुल्तान श्री का उपचार चल रहा है।
राजस्थान के गोगामेड़ी बागड़ धाम से बदायूं वापस जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप में रविवार रात ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव के पास कट पर एक ट्रक ने साइड मार दी थी। इससे श्रद्धालुओं की पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
इस हादसे में भाई, बहन, पति-पत्नी समेत 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि 23 घायल हो गए थे। हादसे के तीन दिन बाद अधिकांश घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज, जीटीबी दिल्ली और जिला अस्पताल बागपत से छुट्टी देकर घर भेज दिया गया था, जबकि नेमपाल का मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। उनके बेटे सुखपाल ने बताया कि मेरठ मेडिकल कॉलेज में नौ उपचार के बाद बुधवार को घायल नेमपाल की भी मौत हो गई। नेमपाल के परिवार में दो बेटे, एक बेटी रह गई है। इनके अलावा घायल विकास, उसकी पत्नी सोनी का बरेली के निजी अस्पताल और उर्मिला का बदायूं के मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में सीओ रोहन चौरसिया का कहना है कि मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल की बुधवार को मौत हो गई। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।