बड़ौत। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवक ने युवती को पहले मैसेज किए और इसके बाद रास्ते से जाते हुए उसे कमरे में खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना से सदमे में आई युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसे परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने पुलिस से मामले की शिकायत की।
परिजनों ने बताया कि गांव में एक युवक पिछले कई दिनों से युवती को मैसेज भेज रहा था, लेकिन युवती ने उसको कोई जवाब नहीं दिया। आरोप है कि शनिवार की शाम को युवती घर के पास स्थित दुकान से सामान लेकर लौट रही थी तो रास्ते में खड़े युवक ने युवती को एक कमरे में खींच लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती किसी तरह बचकर घर पहुंची। इस घटना के बाद वह मानसिक तनाव में आ गई। परिजनों के अनुसार युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने घटना की तहरीर कोतवाली में दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सीओ विजय कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जिस तरह की बात सामने आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।