बागपत। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम अस्मिता लाल ने राजस्व वसूली तथा शिकायतों के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक की। सीएम डैश बोर्ड में बेहद खराब स्थित रहने पर जिला उद्योग केंद्र की उपायुक्त अर्चना तिवारी का वेतन रोक दिया। ऊर्जा निगम के एसई तथा एक्सईएन को खराब कार्य पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दो लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
डीएम ने राजस्व अधिकारियों को लंबित राजस्व वादों की शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए और लक्ष्य के अनुसार वसूली कराने के लिए तहसीलदार को क्षेत्र में जाने के लिए कहा गया। सबसे बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई की जाए। सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को चेतावनी दी। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के लंबित मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आय एवं जाति प्रमाण पत्र समय से बनाए जाएं। बड़ौत के दो लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। एडीएम पंकज वर्मा, सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।