बड़ौत। अमीनगर सराय मार्ग पर बड़ौत कॉलेज ऑफ एजुकेशन के पास शुक्रवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार पेट्रोल पंप के सेल्समैन राहुल (30) निवासी फतेहपुर पुट्ठी की मौत हो गई। इसमें तहरीर मिलने पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
फतेहपुर पुट्ठी गांव निवासी अशोक ने बताया कि उसके भाई राहुल बड़ौत के पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करते थे। शुक्रवार शाम करीब आठ बजे स्कूटी पर सवार होकर बड़ौत से वापस गांव आ रहे थे। अमीनगर सराय मार्ग पर जैसे ही बड़ौत कॉलेज ऑफ एजुकेशन के पास पहुंचे तो सामने से आए अज्ञात वाहन ने राहुल की बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां आए राहगीर घायल राहुल को उठाकर उपचार के लिए निजी अस्पताल में पहुंचे, लेकिन जब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
टक्कर मारने के बाद चालक अपनी कार लेकर भाग गया। राहुल अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी व छह माह की बेटी है। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर दीक्षित कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर अज्ञात वाहन चालक का पता लगाया जा रहा है।