बड़ौत। नगर के अतिथि भवन के पास नाली पर लगे लोहे के चैनल में करंट उतरने से जौहड़ी के शमशाद के घोड़े की मौत हो गई। इसके बाद लोगों ने वहां पर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा किया। घोड़ा मालिक को मुआवजा देने की मांग उठाई।
शमशाद ने बताया कि वह रोजाना अमीनगर सराय रोड स्थित मंडी से घोड़ा-बुग्गी में मुख्य बाजार स्थित सब्जी मंडी में दुकानदारों की सब्जी लाने का काम करता है। शनिवार को भी वह मंडी से सब्जी लेकर आ रहा था। अतिथि भवन के पास नाली पर लगे लोहे के चैनल में उतरे करंट की चपेट में आने से घोड़े की मौत हो गई। बताया कि लोहे के खंभे में करंट उतरने की वजह से चैनल में भी करंट दौड़ गया। वहीं प्रवीण वर्मा व धर्मेंद्र आदि का कहना था कि इससे पहले भी इस खंभे में कई बार करंट उतर चुका है। इसके बाद भी बिजली विभाग के अधिकारियों ने समाधान नहीं किया। इस मौके पर अनुज, विजय, राहुल, कपिल, मनोज, रवि आदि उपस्थित रहे। वहीं, अधिशासी अभियंता ब्रिजेश कौशिक का कहना है कि खंभे में करंट उतरने की जांच कराई जाएगी ताकि आगे इस तरह की घटना न दोहराई जा सके।