बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार की देर रात कार का टायर बदल रहे चालक हरियाणा के सोनीपत जिले के उल्देपुर निवासी कुलदीप (40) को कैंटर ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
सोनीपत जिले के उल्देपुर के रहने वाले अशोक ने बताया कि उसका भाई कुलदीप बृहस्पतिवार की रात कार से अपने रिश्तेदारों के साथ हरिद्वार जा रहा था। दिल्ली देहरादून-एक्सप्रेसवे पर बिजरौल कट के पास कार के टायर में पंक्चर हो गया। वह कार को साइड में खड़ा करके टायर बदलने लगा तो इस दौरान कैंटर ने कार में टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में कुलदीप भी आ गया। जिसे घायल होने पर नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से रेफर कर दिया गया तो परिजन सोनीपत लेकर चले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं जांच अधिकारी इंस्पेक्टर दीक्षित कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।