बागपत। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को अग्रवाल मंडी टटीरी कस्बे की देशराज पट्टी में लाइसेंस के बिना चल रहे मेडिकल स्टोर से 91 हजार रुपये की दवाई जब्त की। साथ ही मेडिकल स्टोर को सील कर दिया और संचालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
औषधि निरीक्षक हेमेंद्र चौधरी ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि अग्रवाल मंडी टटीरी कस्बे की देशवाल पट्टी में लाइसेंस के बिना मेडिकल स्टोर पर दवाई बेची जा रही है। सुबह के समय मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर संचालक राहुल कुमार से लाइसेंस मांगा, लेकिन वह लाइसेंस नहीं दिखा सका।
मेडिकल स्टोर में रखी दवाई की जांच की तो वहां कई दवाई संदिग्ध मिली और दो सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए। वहीं 49 तरह की दवाइयाें को जब्त किया गया, जिनकी कीमत पर 91 हजार रुपये बताई गई। उन्होंने बताया कि संचालक राहुल कुमार के खिलाफ बागपत कोतवाली में तहरीर दी गई है और दवाइयों की जांच रिपोर्ट के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।