फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: खाद्य विभाग के अफसरों को कैंटर से कुचलने का प्रयास, नकली मावा लेकर भागे

विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर अग्रवाल मंडी टटीरी टोल के पास मंगलवार सुबह कैंटर से खाद्य विभाग के अफसरों को कुचलने का प्रयास किया गया। उस कैंटर में आरोपी धनौरा सिल्वरनगर से नकली मावा दिल्ली लेकर जा रहे थे, जिसको कार्रवाई के लिए खाद्य विभाग के अधिकारियों ने रोका था। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं शिकोहपुर से दिल्ली लेकर जाते हुए 210 किलो नकली मावा नष्ट कराया गया और 43 किलो मिल्क पाउडर को जब्त किया गया।
विज्ञापन

खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त डीपी सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञ दत्त आर्य व निधि रानी के साथ दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित टोल के पास चेकिंग कर रहे थे। उनके अनुसार दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे व अन्य मार्गों पर चेकिंग करके मावा नष्ट कराने के कारण लोगों ने एक्सप्रेसवे से जाना शुरू कर दिया। इसकी सूचना उनको पहले ही मिल चुकी थी, इसलिए एक्सप्रेसवे पर चेकिंग की जा रही थी।
वहां उन्होंने एक कैंटर को चेकिंग के लिए रोका, जिसमें मावा रखा हुआ था। पूछताछ करने पर पता चला कि धनौरा सिल्वरनगर गांव निवासी मावा भट्ठी संचालक मीर हसन मावा लेकर दिल्ली जा रहा था और कैंटर को चालक महताब चला रहा था। सहायक आयुक्त के अनुसार उनको नीचे उतरने के लिए कहा गया तो उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी और कैंटर दौड़ा दिया। तब वह कैंटर के पास खड़े थे और उन्होंने किसी तरह पीछे भागकर अपनी जान बचाई।
विज्ञापन

कैंटर का पीछा करने का प्रयास किया तो वह हाथ नहीं आ सके। बताया कि यह मावा मिलावटी था और पहले भी कई बार इनका मावा पकड़ा जा चुका है। उन्होंने कैंटर चालक महताब व भट्ठी संचालक मीर हसन के खिलाफ बागपत कोतवाली में हत्या करने का प्रयास, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सीओ सुकन्या शर्मा के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।


210 किलो नकली मावा पकड़ा, नष्ट कराया
बागपत। खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त डीपी सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह शिकोहपुर से एक कैंटर में नकली मावा दिल्ली लेकर जाने की सूचना मिली थी। तभी टटीरी टोल प्लाजा के पास वाहनों की चेकिंग की गई और कैंटर को रोका गया। यह मावा शिकोहपुर निवासी रामकुमार, ओमबीर सिंह, नीतू, रवि का था। कैंटर में 210 किलो मावा मिला और मावे की जांच की गई तो उसमें बदबू आ रही थी।
मावा के चार सैंपल लेने के बाद गड्ढे में दबवाकर नष्ट कराया गया। नष्ट हुए मावा की कीमत 56700 रुपये बताई गई। इसके बाद बिजवाड़ा गांव में नौशाद की मावा भट्ठी पर पहुंचकर जांच की तो वहां 43 किलो मिल्क पाउडर खराब मिला। पाउडर का सैंपल लेने के बाद जब्त किया गया। बताया कि मिल्क पाउडर की कीमत 12900 रुपये है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें